शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बसंतपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, कुंआ चौक नंदई निवासी शरद कुमार ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 अगस्त को पुराने विवाद को लेकर मातादीन उर्फ गोलू गुप्ता, प्रताप गुप्ता, हेमंत भारती और हर्षवर्धन राय ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि शिकायत किए जाने की बात को लेकर चारों आरोपी पुनः विवाद करने और शांति भंग करने पर आमादा हैं। सूचना पर बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर चारों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने चारों के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के दिशा-निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, सउनि डेमिन साहू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक अतहर अली एवं आरक्षक कुश बघेल की सराहनीय भूमिका रही।














