नगर को साफ रखने पर कल स्वच्छता दीदियों का सम्मान
भाटापारा,नगर पालिका परिषद भाटापारा में नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों के सम्मान एवं अभिनंदन के लिए विशेष सम्मान समारोह का आयोजन महंत रामरूप दास महात्यागी के सानिध्य में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 27 अगस्त को दोपहर 3 बजे श्री राम-जानकी मंदिर, कल्याण सागर, भाटापारा में आयोजित होगा। कल्याण सागर से जल उठाकर श्री राम-जानकी मंदिर में अर्पण िकया जाएगा। नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
कार्यक्रम का उद्देश्य नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में निरंतर जुटी स्वच्छता दीदियों के समर्पण, परिश्रम और सेवाभाव को सम्मानित करना है। स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके श्रम और योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण स्वच्छता दीदियों द्वारा कल्याण सागर से जल उठाकर श्री राम-जानकी मंदिर में अर्पित करना होगा। स्वच्छता और आस्था के इस सुंदर संगम के माध्यम से नगर की स्वच्छता, समृद्धि एवं सुख-शांति की मंगलकामना की जाएगी। इस अवसर पर महंत रामरूप दास महात्यागी का सान्निध्य प्राप्त होगा। साथ ही डॉ ललित माखीजा, प्रदेश अध्यक्ष विहिप सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहेंगे।
महंत रामरूप दास महात्यागी ने कहा कि स्वच्छता दीदियां केवल नगर की सफाई व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं सुंदर भाटापारा के निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनके परिश्रम और सेवा भावना का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सम्मान समारोह में सहभागी बनकर स्वच्छता दीदियों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ भाटापारा, सुंदर भाटापारा” के संकल्प को साकार करने में नगर के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। यह अवसर समाज में श्रम, सेवा और स्वच्छता के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगा।






