राजनांदगांव : शहर के चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र के दीनदयाल नगर में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किराए के मकान में करीब 30 वर्षीय अर्जुन वाधवानी का शव बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, दीनदयाल नगर स्थित इस किराए के मकान में एक अन्य युवक रह रहा था। इसी युवक ने अर्जुन वाधवानी को फोन कर मकान में बुलाया था। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों को लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे का ताला बाहर से बंद था। पुलिस के अनुसार, संदेही युवक द्वारा कमरे का ताला खोलने में सहयोग नहीं किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कमरे को खुलवाया गया, जहां कमरे के एक हिस्से में युवक का शव बिस्तर से लिपटा हुआ मिला।
प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या लाठी-डंडे से हमला कर किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की वजह और घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।








