जियाउल खान लखनपुर
- एयरबैग खुलने से कार सवार बाल-बाल बचे, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
लखनपुर थाना क्षेत्र के अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 स्थित जूनाडीह में शनिवार की दोपहर जशपुर से रायपुर डाक पार्सल लेकर जा रहे पिकअप वाहन को स्विफ्ट कार ने साइड से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की और पुलिस मौके पर पहुंची दोनों वाहनों को जप्त कर लखनपुर थाने लाया गया और आगे की जांच कार्रवाई शुरू की गई। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन चालक अर्जुन कुमार टंडन जशपुर से रायपुर की ओर डाक पार्सल लेकर जा रहा था। इसी दौरान बिलासपुर से मैनपाट की ओर जा रही स्विफ्ट कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए साइड से पिकअप वाहन को ठोकर मार दी। ठोकर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट का अगला पहिया निकल गया और सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया तो वहीं पिकअप का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त होते हुए स्टेरिंग सॉफ्ट टूट कर बाहर आ गया। दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, स्विफ्ट कार में एयरबैग खुल जाने से कार सवार भूपेंद्र प्रताप सिंह और शैलेश टोप्पो बाल बाल बच गए और बड़ा हादसा टल गया।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। सड़क हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर आवागमन भी प्रभावित रहा।








