40 दिन के अनुष्ठान की पूर्णाहुति विश्व कल्याण के लिए किया जाप

बलौदाबाजार ,लवन रोड स्थित गायत्री शक्तिपीठ में सोमवार को 40 दिवसीय गायत्री अनुष्ठान की पूर्णाहुति विधि-विधान से हुई। विश्व कल्याण, शांति और पर्यावरण संरक्षण की कामना को लेकर आयोजित इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूर्णाहुति के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ की आहुतियों से शक्तिपीठ परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

अनुष्ठान के दौरान करीब 42 साधकों ने नियमित रूप से गायत्री मंत्र का जाप किया। प्रत्येक साधक ने सवा-सवा लाख गायत्री मंत्र का जाप पूर्ण किया। 40 दिनों तक चली साधना के बाद सोमवार को विशेष पूजा-अर्चना और यज्ञ का आयोजन कर अनुष्ठान की पूर्णाहुति की गई। साधकों और श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। पूर्णाहुति के अवसर पर विश्व में शांति, सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण के साथ प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रार्थना की गई।

गायत्री परिवार से जुड़े सदस्यों ने बताया कि गायत्री मंत्र साधना का उद्देश्य व्यक्ति के साथ समाज में भी सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से 40 दिनों तक नियमित रूप से सामूहिक मंत्र जाप किया गया। कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि लगातार 40 दिनों तक चले अनुष्ठान से उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण का अनुभव हुआ। पूर्णाहुति के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। यज्ञ और मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक वातावरण बना रहा।

 

Hot Topics

Related Articles