रायपुर। बहुचर्चित CGPSC घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एडिशनल कलेक्टर (ADM) चेतन बरघोरिया की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री साय ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति हो, उसके खिलाफ जांच होगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार में किसी भी तरह के अपराध को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और किसी भी आरोपी को बचाया नहीं जाएगा। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार में अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि भ्रष्टाचार या किसी भी गलत गतिविधि में शामिल लोगों को संरक्षण नहीं मिलेगा।








