84 साल बाद नवपंचम और सर्वार्थ सिद्धि योग में विराजेंगे गजानन

गणेश चतुर्थी पर बनेंगे कई दुर्लभ ज्योतिषीय संयोग, जिलेभर में स्थापना की तैयारियां पूरी

बलौदा बाजार भाटापारा/ जिलेभर में रविवार को गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सजे भव्य पंडालों और घरों में शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही 10 दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारंभ होगा, जिसका समापन अनंत चतुर्दशी पर किया जाएगा।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस वर्ष गणेश चतुर्थी पर कई शुभ ज्योतिषीय संयोग बन रहे हैं। करीब 84 वर्षों बाद नवपंचम योग का निर्माण होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा अमृत सिद्धि योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, बुध और अरुण योग का भी महासंयोग बन रहा है। इन दुर्लभ संयोगों के कारण इस बार गणेश चतुर्थी को विशेष फलदायी माना जा रहा है।

विधि-विधान से पूजा करने पर दूर होंगे विघ्न

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शुभ योगों में भगवान गणेश की विधिवत स्थापना और पूजा-अर्चना करने से भक्तों के जीवन के विघ्न दूर होते हैं तथा मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। गणपति बप्पा को प्रथम पूज्य देव माना जाता है। इसलिए गणेश चतुर्थी पर श्रद्धालु पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव से उनकी आराधना करते हैं।

गणेश चतुर्थी पर चंद्र दर्शन से बचने की परंपरा

गणेश चतुर्थी की रात चंद्रमा के दर्शन नहीं करने की धार्मिक परंपरा है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस दिन चंद्रमा को देखने से व्यक्ति पर झूठा कलंक लगने का भय रहता है। इसका संबंध भगवान श्रीकृष्ण पर लगे स्यमंतक मणि चोरी के झूठे आरोप से जोड़ा जाता है।

मान्यता है कि यदि कोई व्यक्ति भूलवश गणेश चतुर्थी को चंद्रमा के दर्शन कर ले, तो दोष निवारण के लिए श्रीकृष्ण-स्यमंतक मणि की कथा का पाठ या श्रवण करना चाहिए। इससे भगवान गणेश की कृपा से कलंक-दोष समाप्त होने की धार्मिक मान्यता है।

गणेश प्रतिमा स्थापना के शुभ मुहूर्त

– प्रतिमा स्थापना: सुबह 11:03 बजे से दोपहर 1:31 बजे तक। – नक्षत्र: स्वाति।

– सर्वार्थ सिद्धि एवं अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 12:30 बजे से 1:40 बजे तक।

– लग्न: वृश्चिक।

– नक्षत्र: विशाखा।

शुभ मुहूर्त में गणपति की स्थापना के साथ ही जिलेभर में गणेशोत्सव की धूम शुरू हो जाएगी। पंडालों में धार्मिक आयोजन, पूजा-अर्चना और विभिन्न कार्यक्रमों का सिलसिला अगले 10 दिनों तक जारी रहेगा।

Hot Topics

Related Articles