करहीबाजार. शिवनाथ नदी के तट पर बसे ग्राम गुड़ाघाट में पिछले करीब दो माह से बनी लो वोल्टेज की समस्या का अब समाधान हो गया है। गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए लगाए गए दो ट्रांसफार्मरों में से एक खराब होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद विद्युत विभाग ने शनिवार को गांव में 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया।
ग्रामीणों के अनुसार एक ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद गांव की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने से घरों में टीवी, पंखे, कूलर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संचालन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वोल्टेज में अचानक उतार-चढ़ाव के कारण घरेलू उपकरण खराब हुए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर के बाद विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे द्वारा अपने उपयोग के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर के सहारे गांव में बिजली आपूर्ति की वोल्टेज नहीं मिल पा रहा था। लंबे समय से समस्या बने रहने के कारण ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी भी थी।
ग्रामीणों ने करीब एक सप्ताह पहले अपनी विद्युत समस्या को लेकर प्रदेश भाजपा कोर कमेटी सदस्य एवं पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा के समक्ष शिकायत रखी थी। उन्होंने गांव में खराब पड़े ट्रांसफार्मर को जल्द बदलने और पर्याप्त क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी।
शिकायत के बाद शिवरतन शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला पंचायत सदस्य राजा जायसवाल ने विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने गुड़ाघाट की विद्युत व्यवस्था सुधारने और जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल करने को कहा।
नए ट्रांसफार्मर से राहत की उम्मीद
ग्रामीणों की समस्या और जनप्रतिनिधियों के प्रयास के बाद विद्युत विभाग ने शनिवार को गांव में 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। इससे ग्रामीणों को पिछले दो माह से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने पर संतोष जताते हुए कहा कि अब गांव में बिजली आपूर्ति बेहतर होने के साथ घरेलू उपकरणों के संचालन में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से नए ट्रांसफार्मर की नियमित निगरानी करने की मांग की, ताकि भविष्य में दोबारा लो वोल्टेज या विद्युत आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्या न हो।








