बेमेतरा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बेमेतरा जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने शहर के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल खेल मैदान में आयोजित 41वें शिक्षक सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू और छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष संत राजीव लोचन दास मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने जिले को 183 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत के 30 विकास कार्यों की सौगात दी। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 81 शिक्षकों और 42 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की मांग पर तिवरैया में विद्युत सब स्टेशन की घोषणा की गई। इसके अलावा बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र में 2 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ निर्माण की घोषणा भी की गई।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने बेमेतरा में शिक्षक सम्मान समारोह की परंपरा की सराहना करते हुए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सहित पूर्व में समारोह में शामिल हुए अन्य विशिष्ट अतिथियों को भी याद किया।








