आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि युवक की ओर से लगातार रोक-टोक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने से परेशान होकर युवती ने आत्महत्या की थी। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को युवती का शव उसके निवास स्थान पर फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में मर्ग क्रमांक 85/2026 दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और घटना की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस का दावा है कि इन बयानों में ज्ञान तिवारी द्वारा युवती को रोकने-टोकने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने संबंधी तथ्य सामने आए।इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर ज्ञान तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ ज्ञान तिवारी (27), निवासी मुक्तिपारा थाना गांधीनगर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले तथ्यों और बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया। गांधीनगर थाने में अपराध क्रमांक 574/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।

 

 

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles