डोंगरगढ़। कचहरी चौक स्थित एसबीआई एटीएम में घुसकर हथौड़ा और छेनी से मशीन में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एटीएम के मॉनिटर, शटर बॉक्स और कैमरे को क्षतिग्रस्त कर करीब एक लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, एसबीआई एटीएम के सुपरवाइजर उत्तम कुमार खां ने थाना डोंगरगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात्रि के समय एक व्यक्ति कचहरी चौक के पास खैरागढ़ रोड स्थित एटीएम कक्ष में दाखिल हुआ और चोरी की नीयत से हथौड़ा एवं छेनी की मदद से एटीएम मशीन के मॉनिटर, शटर बॉक्स तथा कैमरे में तोड़फोड़ की।
शिकायत के आधार पर डोंगरगढ़ थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 544/2026 के तहत धारा 305(ई), 62 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की पहचान रेवाराम वर्मा (41 वर्ष), निवासी अण्डी सोरीटोला, वार्ड नंबर 01, थाना बोरतलाव, जिला राजनांदगांव के रूप में की।
पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। इसके बाद पुलिस ने 15 सितंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में की गई।








