खैरागढ़। खैरागढ़ में बुधवार को कांग्रेस ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण राजपूत भवन से रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कलेक्ट्रेट के सामने बैठकर जमकर नारेबाजी की गई और प्रशासन के सामने सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी से लेकर किसानों की समस्याएं रखी गईं। प्रदर्शन के दौरान खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के गांवों में कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। खराब सड़कों और पुल-पुलिया के साथ मूड़ीपार कॉलेज के संचालन और ठेकाडीह में स्कूल-कॉलेज के लिए नए भवन निर्माण का मुद्दा भी उन्होंने उठाया। विधायक का कहना है कि इन समस्याओं को पहले भी सदन और अलग-अलग मंचों पर उठाया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।खाद और बिजली की बढ़ती लागत, किसानों के मुआवजे और बीमा राशि से जुड़े मामलों के साथ सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक ने कहा कि इन समस्याओं का सीधा असर किसानों की खेती और उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।प्रदर्शन के बाद विधायक और कांग्रेस प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा ने ज्ञापन लेते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जबकि राज्य शासन से जुड़े विषयों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा।प्रदर्शन के दौरान खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा।








