- संदीप यादव मुंगेली। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिला कार्यालय के मंथन कक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर सभी विभागों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों में पारित निर्णयों के पालन की स्थिति और विचाराधीन मामलों की जानकारी ली और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
सुशासन तिहार के दौरान मिले आवेदनों और लंबित प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।
आगामी धान खरीदी और किसान पंजीयन पर जोर
बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारी, खरीदी केंद्रों की व्यवस्था और किसान पंजीयन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पंजीयन का काम तेज किया जाए, पात्र किसानों का पंजीयन समय-सीमा में पूरा हो और किसी किसान को परेशानी न हो। इसके लिए अधिकारियों को सतत निगरानी रखने कहा।
पीडीएस और राशन भंडारण की समीक्षा
कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता और भंडारण-वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए ताकि हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में कोई दिक्कत न हो।
बैठक में एडीएम निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी एल यादव, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बिना अनुमति अनुपस्थित लोरमी सीएमओ को नोटिस
समय-सीमा की बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर लोरमी सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी से निर्वहन करने कहा।
इसके साथ ही शिक्षा विभाग की योजनाओं, लंबित कार्यों, पीएम किसान सम्मान निधि के लिए ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा की गई और पात्र किसानों की ई-केवाईसी जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।








