रामलीला मैदान में 11 हजार ‘आशीर्वाद के दीपक’ प्रज्वलित
भाटापारा। नगर पालिका परिषद भाटापारा में गुरुवार को दो प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किए गए। दोनों आयोजनों में विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों की व्यापक सहभागिता रही।
दिन के प्रथम चरण में नगर पालिका परिषद परिसर में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न समुदायों एवं वर्गों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा नागरिकों ने उपस्थित होकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों एवं अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
इसके बाद शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 11 हजार ‘आशीर्वाद के दीपक’ प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा रामलीला मैदान जगमगा उठा। इस दौरान जनकल्याण और राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया गया।
दोनों कार्यक्रमों में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा को जन्मदिन की बधाई दी। वहीं सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित दीपदान कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों का उल्लेख किया तथा उपस्थित नगरवासियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान रामलीला मैदान में दीपों की मनमोहक छटा देखने को मिली।








