आशीर्वाद के दीयों से जगमगाया बीजापुर, शहर से गांव तक दिखा सेवा संकल्प का उत्साह

  • मिनी स्टेडियम में हुआ मुख्य आयोजन, अटल परिसर, शहीद स्मारक, सीआरपीएफ कैंप सहित जिलेभर में जलाए गए आशीर्वाद के दीये

बीजापुर, 18सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार शाम बीजापुर जिला आशीर्वाद के दीयों से रोशन हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में आयोजित “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर लोगों ने विकास, शांति और जनसेवा के संकल्प के साथ दीप जलाकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का मुख्य आयोजन किया गया। इसके साथ ही महादेव तालाब, स्वीमिंगपुल के समीप स्थित अटल परिसर, सीआरपीएफ कैंप, शहीद स्मारक, शहीद स्मृति द्वार तथा विभिन्न शासकीय कार्यालय परिसरों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर जलते दीपों ने पूरे शहर को रोशनी से जगमगा दिया।

जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में भी अभियान का उत्साह देखने को मिला। कर्रेगुटा हिल्स सहित अन्य स्थानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों, आश्रम-छात्रावासों और उचित मूल्य दुकानों में भी आशीर्वाद के दीये जलाए गए। ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दिखाई।

इस अवसर पर जिलेभर में जलाए गए दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं रहे, बल्कि शांति, विकास, जनकल्याण और नए बीजापुर के संकल्प के प्रतीक बने। कभी माओवादी हिंसा के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों में आज विकास और जनभागीदारी के साथ दीपों का जगमगाना जिले में आए बदलाव की तस्वीर प्रस्तुत करता है।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। “नक्सल मुक्त बीजापुर से विकसित बीजापुर” की दिशा में आगे बढ़ते हुए जिलेवासियों ने आशीर्वाद के दीयों के माध्यम से शांति, समृद्धि और विकास के संकल्प को मजबूत किया।

शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक एक साथ जलते दीपों ने यह संदेश दिया कि बीजापुर अब नई उम्मीद, नए संकल्प और विकास की रोशनी के साथ आगे बढ़ रहा है।

Hot Topics

Related Articles