पूर्व में पकड़ी गई थी 19 लाख 17 हजार 930 रुपए की प्रतिबंधित टेबलेट
बिलासपुर/सीपत:- सीपत पुलिस ने प्रतिबंधित टेबलेट के मामले में एण्ड टू एण्ड कार्रवाई करते हुए शहर में बड़े पैमाने पर टेबलेट सप्लाई करने वाले यूपी मथुरा के दवा व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व में तीन युवकों को पकड़कर 19 लाख 17 हजार 930 रुपए की प्रतिबंधित टेबलेट जब्त की गई थी।
11 सितंबर को सीपत पुलिस ने गुड़ी लोनियापारा निवासी उग्रसेन लोनिया, मुकेश लोनिया, परमेश्वर लोनिया को गिरफ्तार कर 4 हजार 743 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त किया था। जब्त टेबलेट की कीमत 19 लाख 17 हजार, 930 थी। बड़े पैमाने पर नशीली टेबलेट मिलने पर टीआई राजेश मिश्रा ने एण्ड टू एण्ड की कार्रवाई करते हुए तीनों से सघन पूछताछ की। कड़ाई बरतने पर तीनों ने उत्तर प्रदेश मथुरा के एक मेडिकल दुकान से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट खरीदकर लाना बताया था। टीआई श्री मिश्रा ने साइबर सेल से तकनीकी साक्ष्य एकत्रित करने के बाद पुलिस टीम मथुरा भेजा। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने वाले मेडिकल दुकान संचालक मथुरा गोविंदनगर निवासी राहुल अग्रवाल पिता महेशचंद अग्रवाल 46 साल को गिरफ्तार कर लिया है।
रोजी मजदूरी करने वाले बन गए तस्कर
पूर्व में पकड़े गए तीनों लोग रोजी मजदूरी करने उत्तर प्रदेश मथुरा गए थे। तीनों नशे के आदि थे, वहां काम करने के बाद राहुल अग्रवाल की दुकान से नशीली टेबलेट खरीदकर नशा करते थे। उसके बाद वे उक्त दवाई दुकान से नशीली टैबलेट लाकर सीपत क्षेत्र में बिक्री करने लगे थे।








