- खेतों से चोरी किए 3 मगरमच्छ मोटर पंप बरामद, 38 हजार रुपए का सामान जब्त
दीपक अवस्थी,डोंगरगांव। ग्राम सोमाझिटिया के खेतों से तीन मगरमच्छ मोटर पंप चोरी करने के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों देवेंद्र सहारे उर्फ रामलाल और तरुण देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं, तीन विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने चोरी गए तीनों मोटर पंप बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 38 हजार रुपए है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सोमाझिटिया निवासी नंदलाल देवांगन (64) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 सितंबर की रात से 17 सितंबर की सुबह के बीच उसके अलावा यश देवांगन और रुखमन देवांगन के खेतों में लगे तीन मोटर पंप अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर डोंगरगांव थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि देवेंद्र सहारे उर्फ रामलाल चोरी किए गए मोटर पंपों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने ग्राम मोहड़ निवासी तरुण देवांगन और तीन विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए पंपों को मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एन 7705 से ले जाकर ग्राम मोहड़ तालाब के पास कन्नेर झाड़ के समीप छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों मोटर पंप बरामद किए।
नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया
पुलिस ने बताया कि मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता पाए जाने पर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। प्ररूप-1, नियम 8(1) एवं 8(5) के अनुसार कार्रवाई करते हुए उनके परिजनों को सूचना दी गई तथा तीनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सहायक उप निरीक्षक देवकुमार रावटे, प्रधान आरक्षक 233 संदीप देशमुख और आरक्षक रामचरण साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








