दीपक अवस्थी,डोंगरगांव। अवैध शराब बिक्री के मामले में आठ माह से फरार चल रहे आरोपी को डोंगरगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के निर्माणाधीन मकान से जनवरी में 99 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई थी। शराब की कुल मात्रा 17.820 लीटर और कीमत 7,920 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 14 जनवरी 2026 को पुलिस टीम मड़ई मेला भ्रमण के लिए ग्राम गोड़लवाही की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान ग्राम बड़हुम में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम महरूम निवासी देवलू राम बेलदार (46) अपने निर्माणाधीन मकान के एक कमरे में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ग्राम महरूम पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में मकान की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद व्यक्ति सफेद रंग की राजश्री थैली छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गया। तलाशी लेने पर थैली से 99 नग देशी प्लेन शराब के पौवा, प्रत्येक 180 एमएल, बरामद हुए। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया था।
घटना के बाद से देवलू राम लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। मंगलवार को ग्राम भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने निर्माणाधीन मकान में शराब लाकर बिक्री करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर और प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








