शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अतिथि व्याख्यान आयोजित

भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में अर्थशास्त्र विभाग द्वारा अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स ने की। इस अवसर पर अर्थशास्त्र विषय के विशेषज्ञ श्री चंद्रहास सिंह राजपूत, सहायक प्राध्यापक, इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय, पंडरिया तथा श्रीमती स्वाति सिंह, सहायक प्राध्यापक, वीरांगना अवंती बाई लोधी शासकीय महाविद्यालय, पथरिया को अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया।
प्राचार्य डॉ. जेम्स ने कहा कि इस प्रकार के अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों को समकालीन आर्थिक परिस्थितियों को समझने तथा विषय के व्यावहारिक पक्ष से परिचित होने में सहायता करते हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. शशि किरण कुजूर ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथि वक्ताओं का परिचय कराया तथा व्याख्यान की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
प्रथम सत्र में श्री चंद्रहास सिंह राजपूत ने “मुद्रास्फीति—उपभोग, क्रय शक्ति और अर्थव्यवस्था पर असर” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मुद्रास्फीति के कारण आम उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति पर पड़ने वाले प्रभाव तथा इसके दीर्घकालिक आर्थिक परिणामों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
द्वितीय सत्र में श्रीमती स्वाति सिंह ने “Employment and Changing Job Economy in India” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने भारत में रोजगार के बदलते स्वरूप, गिग इकॉनमी तथा कौशल आधारित रोजगार की उभरती संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अतिथि वक्ताओं ने संतोषजनक उत्तर दिया। प्रश्नोत्तरी सत्र के कारण कार्यक्रम संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक रहा।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री इंद्राणी मरकाम ने किया, जबकि आयोजन की सफलता में श्रीमती खिलौना कन्नौज का सराहनीय सहयोग रहा। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles