संदीप यादव मुंगेली। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर सोमवार को मुंगेली में जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की चुनावी व्यवस्था और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने CEC पर कार्रवाई, इस्तीफा और गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।
जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पहले करही स्थित होटल कस्तूरी के सामने सभा की, फिर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। सभा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।

घनश्याम वर्मा ने कहा – लोकतंत्र मताधिकार पर टिका है
जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि देश का लोकतंत्र जनता के वोट पर टिका है। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और आम मतदाता के हक की लड़ाई लड़ रही है। गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
संजीत बनर्जी बोले – मतदाता के अधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संजीत बनर्जी ने कहा कि वोट ही जनता की सबसे बड़ी ताकत है। नाम जोड़ने-हटाने और पारदर्शिता को लेकर जनता के मन में जो सवाल हैं, उसका जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रही है।
रोहित शुक्ला बोले – वोट लोकतंत्र की नींव है
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि सरकार बनाने की ताकत जनता के हाथ में है। हर वोट कीमती है और चुनाव व्यवस्था पर जनता का भरोसा बना रहना चाहिए। कांग्रेस संविधान और मताधिकार को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगी।
पुतला दहन और काले गुब्बारे
सभा के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और घेराव किया। पुलिस ने सुरक्षा के लिए बल तैनात किया था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया और विरोध में काले गुब्बारे आसमान में छोड़े।
हाथों में तख्तियां थीं जिन पर “वोट चोरी, संस्था चोरी, विश्वास चोरी”, “लोकतंत्र के तीन गुनहगार – मोदी, शाह, ज्ञानेश कुमार” जैसे नारे लिखे थे।
कार्यक्रम का संचालन सेवादल जिलाध्यक्ष दिलीप बंजारा ने किया।

इस दौरान थानेश्वर साहू, चंद्रभान बारमते, आत्मा सिंह क्षत्रिय, हेमेन्द्र गोस्वामी, जागेश्वरी वर्मा, दीपक गुप्ता, रघुराज सिंह श्रीनेत, स्वतंत्र मिश्रा, एजाज खोखर, मंजू शर्मा, निधि ठाकुर, सोनू ठाकुर, रामकुमार साहू, सूरज यादव, मकबूल खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।












