मस्तूरी सोनसरी नहर पटरी पर पक्की सड़क की मांग तेज,जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने उपमुख्यमंत्री को सौंपा पत्र, लाखों ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद

बिलासपुर/मस्तूरी(कमलकांत पाटनवार):– मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल नहर पटरी को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने पहल की है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर मस्तूरी से सोनसरी तक मुख्य नहर की सर्विस बैंक (नहर पटरी) पर पक्की/डामरीकृत सड़क निर्माण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।अपने पत्र में दामोदर कांत ने बताया कि मस्तूरी से सोनसरी तक नहर पटरी का मार्ग वर्तमान में कच्ची अवस्था में है

जिसके कारण क्षेत्र के किसानों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात सहित अन्य मौसम में मार्ग की स्थिति और खराब होने से ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ जाती हैं।उन्होंने कहा कि नहर पटरी पर पक्की सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को एक सीधा और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने के साथ ही ग्रामीणों, विद्यार्थियों और स्कूली बच्चों के आवागमन में भी सुविधा मिलेगी। दामोदर कांत ने पत्र में उल्लेख किया कि सड़क निर्माण से किसानों को अपनी धान, दलहन और सब्जियों जैसी कृषि उपज को मंडियों एवं बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इससे समय और परिवहन खर्च दोनों में कमी आने की संभावना है।

इसके अलावा पक्की सड़क बनने से 108 एंबुलेंस, डायल-112 सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की गांवों तक पहुंच आसान हो सकेगी। स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की बात उन्होंने कही।

जल संसाधन विभाग से निर्माण की मांग जिला पंचायत सदस्य ने पत्र में यह भी बताया कि नहर पटरी के किनारे उपलब्ध भूमि पर ही मार्ग विकसित किए जाने की संभावना है। उन्होंने मांग की है कि यदि सड़क निर्माण का दायित्व जल संसाधन विभाग को सौंपा जाता है तो भूमि अधिग्रहण जैसी प्रक्रिया से बचते हुए कार्य को अपेक्षाकृत शीघ्रता से पूरा किया जा सकता है।

Hot Topics

Related Articles