बलौदाबाजार। महानदी के जलस्तर में अचानक तेजी आने से गिधौरी और आसपास के इलाकों में बाढ़ ने भारी नुकसान पहुंचाया है। अब नदी का जलस्तर घटने के साथ ही बाढ़ से हुई तबाही की तस्वीर सामने आने लगी है। गिधौरी क्षेत्र की 50 से अधिक दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
जलभराव खत्म होने के बाद व्यापारी अपनी दुकानों में पहुंचकर सफाई और नुकसान का आकलन करने में जुट गए हैं। दुकानों में जमा कीचड़ और मलबा हटाया जा रहा है। वहीं, भीगे हुए सामान को बाहर निकालकर सुखाने की कोशिश की जा रही है। बाढ़ के पानी से खाद्य सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े, किराना सामान सहित अन्य व्यापारिक वस्तुएं खराब हो गई हैं। इससे कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
लाखों के नुकसान की आशंका, मुआवजे की मांग
व्यापारियों के शुरुआती आकलन के अनुसार, बाढ़ से हुआ नुकसान लाखों रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आंकड़ा पानी पूरी तरह उतरने और दुकानों में रखे सामान की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बाढ़ प्रभावित व्यापारियों ने शासन-प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराने और प्रभावित कारोबारियों को तत्काल राहत एवं उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पुलिया से पानी उतरा, लेकिन आवागमन में परेशानी
इधर, महानदी का जलस्तर घटने और रास्तों से पानी उतरने के बाद लोगों को कुछ राहत मिली है। गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग की पुलिया से पानी उतरने के बाद लोगों ने पैदल आवागमन शुरू कर दिया है। हालांकि, पुलिया पर बाढ़ के साथ बहकर आई गंदगी और कचरा जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। यातायात व्यवस्था अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जनजीवन और कारोबार को पूरी तरह पटरी पर लौटने में अभी समय लगने की आशंका है।








