लोरमी में क्रिप्टो करेंसी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, खुद को जिला लीडर बताकर 6 महीने में पैसा डबल करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, जनपद सदस्य वेदराम पटेल पर FIR दर्ज

संदीप यादव लोरमी/मुंगेली। लोरमी क्षेत्र से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जनपद पंचायत लोरमी के सभापति और ग्राम दरवाजा क्षेत्र के जनपद सदस्य वेदराम पटेल पर खुड़िया पुलिस चौकी में करोड़ों की ठगी का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर सैकड़ों भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बनाया है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी खुद को मिस्टर मिंट क्रिप्टो करेंसी का एजेंट और जिले का टॉप लीडर बताता था। ग्रामीणों को झांसा देता था कि पैसा लगाओ और 6 महीने में डबल पाओ।

पिता-पुत्र से साढ़े 7 लाख की ठगी

इस मामले में ग्राम लगरा निवासी आजूराम पटेल पिता कुंवारू उम्र 38 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि वेदराम पटेल उसके घर आया और विश्वास में लेकर 5 लाख रुपये अलग-अलग दिनों में ले लिए। आरोपी ने उसके मोबाइल में खुद ऐप डाउनलोड कराया और मिस्टर मिंट ग्रुप में जोड़ा। कहा कि रोज एक घंटा मोबाइल को हिलाना है, 10 हजार अंक होते ही बंद कर देना है।

प्रार्थी 6 महीने तक रोज मोबाइल हिलाता रहा। इसी बीच आरोपी ने उसके पिता को भी झांसे में ले लिया और जमा पूंजी अच्छी जगह निवेश करने का लालच देकर पिता से भी ढाई लाख रुपये ले लिए।

सेमिनार और ऑनलाइन मीटिंग का जाल

पैसा लेने के बाद आरोपी दोनों पिता-पुत्र को बड़े शहरों में सेमिनार के लिए बुलाने लगा और हर हफ्ते ऑनलाइन मीटिंग लेकर कॉइन के रेट का उतार-चढ़ाव बताता था। साथ ही और लोगों को जोड़ने के लिए कहता था।

FIR में बताया गया है कि आरोपी ने ग्राम दरवाजा के जयराम पटेल से 8 लाख और ग्राम कारीडोंगरी के कुंवर सिंह से ढाई लाख रुपये भी इसी तरह ठगे हैं। आसपास के गांवों के हजारों लोगों से करोड़ों रुपये वसूलकर गबन कर लिया।

धमकी भी दी

6 महीने पूरे होने पर जब लोगों ने पैसा वापस मांगा तो आरोपी ने कहा कि पैसा परिवार के खर्च और बेटी की शादी के लिए रख लिया है। मांगने पर टालमटोल करने लगा और धमकी दी कि मेरी पुलिस में अच्छी जान-पहचान है और राजनीतिक पहुंच भी है, तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

ठगी के पैसे से बनाई प्रॉपर्टी

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पिछले दो सालों में ठगी के पैसे से जगह-जगह कृषि जमीन, प्लॉट, मकान, सोने-चांदी के जेवर और महंगी गाड़ियां खरीदी हैं। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

Hot Topics

Related Articles