राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगन मिलन समारोह आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिन दीदियों का हुआ सम्मान

भाटापारा। गांधी मंदिर वार्ड में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आंगन मिलन समारोह एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिन दीदियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जनजागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सेवाएं दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन दीदियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य तथा परिवारों तक पोषण संबंधी जागरूकता पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन दीदियों के योगदान को सराहा गया। उनके समर्पण, सेवाभाव और समाज के प्रति जिम्मेदारी की प्रशंसा करते हुए उनके कार्यों को महत्वपूर्ण बताया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य, माताओं के बेहतर स्वास्थ्य और प्रत्येक परिवार तक पोषण का संदेश पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन दीदियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे जमीनी स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में अहम योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन बहनों के समर्पण और सेवाभाव का सम्मान करना गर्व का विषय है। राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य लोगों को संतुलित आहार, बेहतर स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम के माध्यम से सभी से पोषण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जनआंदोलन बनाने की अपील की गई। साथ ही स्वस्थ, सुपोषित एवं सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

Hot Topics

Related Articles