स्वस्थ बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव: केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू

संदीप यादव मुंगेली । सेवा संकल्प अभियान के तहत मुंगेली विकासखंड के ग्राम सोढ़ार एवं चारभाठा में आंगन मिलन सेवा, मातृ संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ एवं उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया, महिलाओं की गोदभराई की तथा महिलाओं को सुपोषण टोकरी का वितरण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन को उनके सेवा कार्यों के लिए प्रमाण पत्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। श्री साहू ने मुनगा के पौधे लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मुनगा पोषण की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी है। महिलाओं एवं परिवारों से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए।

कार्यक्रम में पोषण आहार के प्रदर्शन के साथ बच्चों को न्यौता भोज कराया गया। रंगोली के माध्यम से भी पोषण और जागरूकता का संदेश दिया गया। मंत्री श्री साहू ने समाज को नशे से दूर रखने तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। युवाओं एवं बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों को कुपोषण को दूर भगाने एवं सुपोषित रहने का संकल्प भी दिलाया।

आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने सरगांव, बिल्हा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकली ‘जन जन सेवा संकल्प यात्रा’ का आत्मीय स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि सेवा का भाव तभी व्यापक रूप से सार्थक होता है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से वह जनआंदोलन का रूप ले। उन्होंने कहा कि सेवा, संवेदना और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाने के प्रयासों को गति दी जा सकती है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, राशन कार्ड सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। शासन का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि बेटियों के सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त भविष्य के लिए परिवार और समाज दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। श्री साहू ने कहा कि बच्चों का समय पर टीकाकरण कराया जाना जरूरी है। गर्भवती महिलाओं, शिशुओं एवं बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, शीलू साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles