अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुंगेली कलेक्ट्रेट में 500 बुजुर्गों और 30 दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ

संदीप यादव मुंगेली।अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित जनदर्शन कक्ष में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों का शाल व श्रीफल से सम्मान करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की। समारोह के दौरान 500 वरिष्ठ नागरिकों एवं 30 दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राईसिकल, सामान्य ट्राइसिकल, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य सहायक सामग्री तथा विवाह प्रोत्साहन, उच्च शिक्षा प्रोत्साहन एवं एक सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी आवश्यकता एवं समस्याओं की जानकारी भी ली गई।

बुजुर्गों का अनुभव नई पीढ़ी को देता है दिशा: विधायक पुन्नूलाल मोहले

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुन्नूलाल मोहले ने वरिष्ठ नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की बधाई दीं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके जीवन का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा वृद्धजनों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना हमेशा बनी रहनी चाहिए। वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज में गुरु की तरह होते हैं तथा उनके पास अनुभव का अमूल्य खजाना होता है।

पात्र बुजुर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता: कलेक्टर तोपनो

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के हित में अनेक योजनाएं एवं सुविधाएं संचालित की जा रही हैं। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर और सहज रूप से मिले। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं का संचालन पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठजनों को शासन की योजनाओं की सरल एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए।

साइबर ठगी और कानूनी अधिकारों को लेकर बुजुर्गों को किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही वरिष्ठजनों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया और बेहतर राष्ट्र निर्माण में सहभागिता निभाने आह्वान किया गया। समारोह में वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल साक्षरता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, पवन पाण्डेय, जनपद सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। अशोक सोनी ने मंच संचालन किया।

Hot Topics

Related Articles