बाढ़ से 3 हजार एकड़ फसल बर्बाद, मुआवजा देने की मांग
भाटापारा। क्षेत्र में हाल ही में आई बाढ़ से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसको लेकर भाटापारा विधायक इंद्र साव ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए प्रभावित किसानों का तत्काल और निष्पक्ष सर्वे कराने तथा नियमानुसार उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सिमगा ब्लॉक में करीब 1,900 एकड़ और भाटापारा ब्लॉक में करीब 1,100 एकड़ फसल बाढ़ की चपेट में आई है। इस तरह दोनों ब्लॉकों में लगभग 3 हजार एकड़ फसल प्रभावित होने का अनुमान है।
विधायक इंद्र साव ने कहा कि बाढ़ के कारण कई गांवों के खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों की खड़ी फसल बर्बाद हो गई। पहले से ही खेती-किसानी में कई चुनौतियों का सामना कर रहे किसानों की परेशानी बाढ़ ने और बढ़ा दी है।
उन्होंने कहा कि गंगरेल बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ा, जिसके चलते शिवनाथ नदी में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई। इसका सबसे अधिक असर शिवनाथ नदी किनारे स्थित गांवों पर पड़ा। बाढ़ से खेतों में खड़ी फसल के साथ ग्रामीणों के मकान, पशुधन और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है।
विधायक ने शासन-प्रशासन से मांग की कि प्रभावित किसानों और ग्रामीणों के नुकसान का तत्काल एवं निष्पक्ष सर्वे कराया जाए। फसल, मकान, पशुधन और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन कर पात्र लोगों को नियमानुसार पर्याप्त मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।






