धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पशु तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां दो पिकअप वाहनों से 12 मवेशी बरामद किए गए हैं। वहीं आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है। यह पूरा मामला मगरलोड थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि डाभा दोनर मार्ग पर मवेशियों से भरी एक पिकअप वाहन पलटी हुई मिली और कुछ ही दूरी पर एक और पिकअप खड़ी हुई मिली, जिसमें भी मवेशी ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मगरलोड थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने लाई। जांच के दौरान दोनों पिकअप वाहनों से 12 मवेशी जीवित पाए गए, जबकि एक मवेशी मृत अवस्था में मिला। आशंका है कि वाहन पलटने से उसकी मौत हुई होगी। फिलहाल दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में हैं और पुलिस ने अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सवाल ये है कि आखिर जिले में लगातार हो रही पशु तस्करी पर लगाम कब लगेगी ?






