बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गया। सरकंडा थाना क्षेत्र की स्वर्णिमा एरा कॉलोनी में सामने से आ रही कार ने बाइक सवार इंजीनियर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहा युवक करीब पांच फीट हवा में उछलकर कार की छत पर जा गिरा। वहीं कार बाइक को लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए आगे निकल गई।
घायल इंजीनियर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।जानकारी के मुताबिक, सिरगिट्टी के गणेश नगर स्थित अन्नपूर्णा कॉलोनी निवासी साहिल खान ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। साहिल डीपी कॉलेज में एमए का छात्र है। उसका बड़ा भाई समीर खान फ्लिपकार्ट में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। 12 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे समीर अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AW 2894 से ड्यूटी के सिलसिले में स्वर्णिमा एरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान गीतांजलि सिटी के पास सामने से आ रही कार क्रमांक CG 10 BE 1235 ने उसकी बाइक को दाहिनी तरफ से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही कार की छत पर जा गिरा इंजीनियर घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे की गंभीरता स्पष्ट हुई है। फुटेज में कार तेज रफ्तार से आती दिखाई दे रही है। कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार समीर खान करीब पांच फीट हवा में उछलकर कार की छत पर जा गिरा।
इसके बाद भी कार नहीं रुकी और बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए आगे चली गई। हादसे में समीर के पैर में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समीर के भाई साहिल खान का कहना है कि यदि उसका भाई कार के सामने गिर जाता, तो वाहन उसके ऊपर चढ़ सकता था और हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय कार में तीन लोग सवार थे। आरोप है कि कार एक नाबालिग चला रहा था। बताया जा रहा है कि कार चला रहा नाबालिग लोयला स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। उसके माता-पिता शिक्षक हैं। कार में सवार दूसरा नाबालिग बिड़ला माइंड स्कूल का छात्र बताया गया है, जिसके पिता पुलिस विभाग में आरक्षक हैं। तीसरे बालक के संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वाहन कौन चला रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।घटना के अगले दिन साहिल खान की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज किया। हालांकि, साहिल ने पुलिस की एफआईआर को लेकर सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि एफआईआर में संबंधित व्यक्तियों के नाम दर्ज नहीं किए गए हैं, बल्कि केवल कार चालक को आरोपी बताया गया है। परिजनों ने मामले में सख्त कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही जिम्मेदारी और कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। कॉलोनी में तेज रफ्तार वाहन चलाने से परेशान रहवासी गीतांजलि सिटी और स्वर्णिमा एरा कॉलोनी के रहवासियों ने भी तेज रफ्तार वाहन चलाने की घटनाओं पर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संकरी गलियों में कुछ नाबालिग तेज गति से कार और बाइक चलाते हैं। उन्हें रोकने या समझाने पर उनके परिजन उलटे धमकी देते हैं। रहवासियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से कॉलोनी में पैदल चलने वाले लोगों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है।






