जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा। परसा, सरगुजा। (छत्तीसगढ़)PEKB कोयला खदान, परसा में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा कार्यरत मजदूरों की विभिन्न श्रम संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर राष्ट्रीय कोलियरी वर्कर्स फेडरेशन (RCWF) यूनियन की PEKB शाखा द्वारा बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के पश्चात युवाओं एवं मजदूरों ने बड़ी संख्या में रैली निकालकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया तथा संबंधित प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोलियरी वर्कर्स फेडरेशन यूनियन के महामंत्री श्री भगवत प्रसाद दुबे, PEKB शाखा के अध्यक्ष मोहे लाल उईके, उपाध्यक्ष गोविंद बारगाह एवं कोषाध्यक्ष महेश कुसरो सहित क्षेत्र के युवा साथी, बेरोजगार युवा और कार्यरत मजदूर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यूनियन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने, मुख्य खनन गतिविधियों में कार्यरत ठेका मजदूरों को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने, निर्धारित HPC वेतन एवं वैधानिक श्रम लाभ सुनिश्चित करने, माइंस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार साप्ताहिक अवकाश एवं अन्य देय सुविधाएं प्रदान करने तथा निर्धारित आठ घंटे की कार्य अवधि का पालन कराने जैसी प्रमुख मांगें रखी गईं।
इसके अतिरिक्त यूनियन ने मजदूरों को नियमानुसार वेतन भुगतान, अतिरिक्त कार्य के लिए नियमानुसार ओवरटाइम, चिकित्सा एवं आवासीय सुविधाएं, आवश्यक प्रमाणपत्र तथा श्रम कानूनों के अनुरूप अन्य लाभ उपलब्ध कराने की मांग भी की। ज्ञापन में मजदूरों को बिना उचित विभागीय प्रक्रिया के काम से हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए संबंधित श्रमिकों को पुनः काम पर बहाल करने की मांग की गई।
यूनियन का कहना है कि PEKB कोयला खदान क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए तथा वर्षों से खनन कार्यों में लगे मजदूरों को उनके अधिकारों और निर्धारित सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह औद्योगिक विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के भविष्य और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
यूनियन ने प्रबंधन से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई है। साथ ही, मांगों के निराकरण के लिए प्रबंधन को 6–7 दिनों का समय दिए जाने की बात कही गई। यूनियन के अनुसार, निर्धारित समय में उचित पहल नहीं होने की स्थिति में संगठन आगे आंदोलन करने के संबंध में निर्णय लेगा।
युवा सम्मेलन एवं रैली में युवाओं और मजदूरों की भागीदारी को संगठन ने स्थानीय रोजगार तथा श्रमिक अधिकारों के मुद्दे पर सामूहिक आवाज के रूप में प्रस्तुत किया। यूनियन ने सभी युवा साथियों और मजदूरों का सम्मेलन में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी एकजुट रहकर अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।






