मजदूरी भुगतान और रोजगार की स्थिति जानी, निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
बलौदाबाजार। खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत खंडुआ में कच्ची सिंचाई नाली का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार को आयुक्त वीबी-जी रामजी तारन प्रकाश सिन्हा निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और श्रमिकों से सीधे बातचीत कर रोजगार एवं मजदूरी भुगतान की स्थिति जानी।
जनपद पंचायत सिमगा के अंतर्गत ग्राम पंचायत खंडुआ में चल रहे निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने श्रमिकों से योजना के तहत मिलने वाले रोजगार, मजदूरी भुगतान तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने श्रमिकों की समस्याएं सुनीं और उन्हें प्रोत्साहित किया।
आयुक्त ने मैदानी स्तर पर श्रमिकों से सीधे संवाद कर कार्य की वास्तविक स्थिति समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई नाली का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप किया जाए, जिससे इसका उपयोग लंबे समय तक किया जा सके।
खेती के लिए उपयोगी होगी सिंचाई नाली
ग्राम पंचायत खंडुआ में निर्माणाधीन कच्ची सिंचाई नाली ग्रामीण किसानों के लिए उपयोगी साबित होगी। इसके माध्यम से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने में सुविधा मिलेगी तथा कृषि कार्यों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
आयुक्त ने अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







