जनदर्शन में मानवी को मिली नई उम्मीद, कलेक्टर ने प्रदान किया श्रवण यंत्र

बलौदाबाजार, 3 नवंबर 2026। जिला मुख्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों और उम्मीदों का नया सवेरा लेकर आ रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संवेदनशील पहल करते हुए समाज कल्याण विभाग के सहयोग से मानवी बंजारे को हियरिंग मशीन (श्रवण यंत्र) प्रदान की।

मानवी बंजारे धमतरी स्थित मुखबधिर स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा हैं। वह बचपन से ही सुनने और बोलने में असमर्थ हैं। श्रवण यंत्र मिलने से अब उन्हें सुनने में सहायता मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।

मानवी के पिता ललित कुमार बंजारे ने इस सहायता के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनदर्शन के माध्यम से उनके परिवार को बड़ी मदद मिली है। जरूरतमंदों की सहायता के लिए जिला प्रशासन की यह पहल सराहनीय है। इससे उनके परिवार को काफी राहत मिली है।

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जा रहा है। साथ ही जरूरतमंदों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles