बलौदाबाजार भाटापारा ,5 नवंबर। शासन की जनकल्याणकारी पहल सेवा सेतु अभियान आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं त्वरित और सरल तरीके से उपलब्ध कराने में कारगर साबित हो रहा है। इस अभियान के तहत ग्राम तिल्दा, तहसील पलारी निवासी संतोष रजक को महज 10 मिनट के भीतर अपनी पुत्री लीला रजक का आय प्रमाण पत्र मिल गया। इससे लीला को रेलवे भर्ती परीक्षा में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी करने में काफी सहूलियत हुई।
जानकारी के अनुसार, संतोष रजक अपनी पुत्री लीला रजक के रेलवे भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आवश्यक आय प्रमाण पत्र बनवाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने तहसील कार्यालय पलारी स्थित सेवा सेतु केन्द्र में आवेदन किया। केन्द्र में आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के महज 10 मिनट के भीतर उन्हें आय प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से संतोष रजक को बड़ी राहत मिली। उन्होंने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले शासकीय दस्तावेज बनवाने के लिए काफी समय और भागदौड़ करनी पड़ती थी, लेकिन सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से उन्हें मात्र 10 मिनट में प्रमाण पत्र मिल गया।
आम नागरिकों को मिल रही समयबद्ध सुविधा
सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सरल, सुलभ और समयबद्ध बनाना है। इसके माध्यम से लोगों को जरूरी दस्तावेजों के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। यह पहल शासन की जनसेवा और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।









