जनपद सीईओ की पहल से पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों का बना आधार कार्ड, अब शासकीय योजनाओं का मिलेगा लाभ

जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा । सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के चांदों घंटा डुगु बेलदागी बेंदोपानी में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। 6 नवंबर 2026 को जनपद पंचायत लखनपुर की सीईओ खुशबू शास्त्री के आदेशानुसार एवं ईडीएम वैभव के निर्देश पर पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों का आधार कार्ड बनाया गया।

नगर पंचायत लखनपुर स्थित स्थायी आधार सेवा केंद्र के संचालक स्वप्निल शर्मा द्वारा विशेष शिविर के माध्यम से पहाड़ी कोरवा परिवारों के लोगों का आधार कार्ड बनाया गया। इसके साथ ही उनके आधार कार्ड में मोबाइल नंबर भी लिंक किया गया, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लिंक होने से अब इन परिवारों को राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी। आधार कार्ड नहीं होने के कारण कई बार विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस पहल से पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस विशेष शिविर को सफल बनाने में गांव के सरपंच एवं सचिव की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उनके सहयोग से पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को आधार बनवाने के लिए प्रेरित कर आधार सेवा केंद्र तक पहुंचाया गया।

जनपद पंचायत लखनपुर की इस पहल को विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों को डिजिटल पहचान से जोड़ने तथा शासन की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने में भी मददगार साबित होगी।

Hot Topics

Related Articles