पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन यानी खरना के पावन अवसर पर भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह पूरी तरह छठी मैया की भक्ति में लीन नजर आईं। पटना स्थित अपने आवास पर उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पूरे विधि-विधान और पारंपरिक तरीके से खरना का महाप्रसाद तैयार किया। इस दौरान अक्षरा सिंह का बेहद सादगी भरा और पारंपरिक रूप देखने को मिला, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मिट्टी के चूल्हे और पीतल के बर्तनों में तैयार किया खीर-रोटी का प्रसाद
अक्षरा सिंह ने खरना की रस्म को पूरी शुद्धता के साथ निभाने के लिए सुबह गंगा घाट जाकर पवित्र गंगाजल लाया और फिर घर में प्रसाद बनाने की तैयारी शुरू की। पीली साड़ी, हरे ब्लाउज और पारंपरिक गहनों में सजी अक्षरा ने आम की लकड़ी जलाकर मिट्टी के पारंपरिक चूल्हे पर पीतल के बर्तनों में गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि यह लगातार तीसरा साल है जब वे खुद छठ का कठिन व्रत रख रही हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही वे अपनी दादी, बुआ और घर की अन्य महिलाओं को छठ करते देखती आ रही हैं और तभी से उनके मन में इस महापर्व को करने की गहरी इच्छा थी।
शारदा सिन्हा की याद में छलके आंसू, छठ गीत गाकर दी श्रद्धांजलि
प्रसाद बनाने के साथ ही अक्षरा सिंह ने परिवार की महिलाओं के साथ मिलकर छठी मैया के पारंपरिक गीत भी गाए। इसी दौरान बिहार की स्वर कोकिला रहीं दिवंगत लोक गायिका पद्म भूषण शारदा सिन्हा को याद करते हुए अक्षरा सिंह बेहद भावुक हो गईं और उनकी आंखें नम हो गईं। भर्राई आवाज में उन्होंने कहा कि शारदा सिन्हा के गीतों के बिना छठ महापर्व की कल्पना भी अधूरी लगती है और आज हर कोई उन्हें बहुत याद कर रहा है। अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए अक्षरा ने आंखें बंद कर शारदा सिन्हा का अमर छठ गीत “कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए” गुनगुनाया और उन्हें अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
अमेरिका से पटना पहुंचे रिश्तेदार, परिवार संग साझा की पर्व की खुशियां
अक्षरा सिंह ने इस बात पर भी बेहद खुशी जताई कि छठ महापर्व के मौके पर उनका पूरा परिवार एक साथ जुटा है। उन्होंने बताया कि इस पावन पर्व में शामिल होने के लिए उनके कई रिश्तेदार सात समंदर पार अमेरिका से भी खासतौर पर पटना आए हैं। अक्षरा के अनुसार छठ केवल एक व्रत नहीं बल्कि परिवार को जोड़ने और अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का सबसे बड़ा माध्यम है। अंत में उन्होंने देश और दुनिया भर में छठ मना रहे सभी श्रद्धालुओं को महापर्व की ढेरों शुभकामनाएं दीं और छठी मैया से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।












