लवन शराब दुकान के गल्ले से 80 हजार रुपए चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार; 75 हजार रुपए बरामद

लवन। नगर की कंपोजिट मदिरा दुकान के काउंटर से 80 हजार रुपए नकद चोरी करने के मामले में लवन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 75 हजार रुपए बरामद किए हैं, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बगबुड़ा निवासी अरुण कोसले (पिता गंगाराम कोसले) ने 10 नवंबर 2026 को थाना लवन में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे वह अपने कर्मचारी के साथ शराब दुकान के काउंटर पर बिक्री में व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपियों ने काउंटर की जाली के अंदर हाथ डालकर गल्ले से नगदी पार कर दी। शाम को गल्ले का हिसाब करने पर 80 हजार रुपए कम पाए गए।

इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में दोपहर करीब 1:30 बजे और शाम 6:30 बजे आरोपियों को गल्ले से रुपए निकालते हुए देखा गया।

मामले में संदेह के आधार पर पुलिस ने 14 नवंबर को लवन निवासी अनिल साहू और विशेषर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 75 हजार रुपए नकद बरामद किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं, तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Hot Topics

Related Articles