कोरजा धान उपार्जन केंद्र के विरोध में किसानों का चक्काजाम, प्रशासन के जवाब से अब भी असमंजस में अन्नदाता

जियाउल खान लखनपुर, सरगुजा

लहपटरा गांधी चौक पर सड़क पर उतरे किसान, निम्हा धान खरीदी केंद्र यथावत रखने या नया केंद्र खोलने की मांग

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में धान खरीदी केंद्र को लेकर किसानों का आक्रोश अब सड़क पर दिखाई देने लगा है। कोरजा धान उपार्जन केंद्र के विरोध में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे किसानों ने लहपटरा गांधी चौक में अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसान निम्हा धान खरीदी केंद्र को यथावत रखने अथवा किसानों की सुविधा के अनुसार नया धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे हैं।

किसानों का कहना है कि कोरजा धान उपार्जन केंद्र में धान बेचने के लिए उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दूरी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर किसान पहले से ही चिंतित हैं। वहीं एग्रीस्टेक पंजीयन में पटवारियों की हड़ताल के चलते अप्रूवल में देरी ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है।

चक्काजाम की पूर्व सूचना तहसीलदार को ज्ञापन के माध्यम से दी गई थी। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद रहा। चक्काजाम के दौरान नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने उचित व्यवस्था बनाए जाने और समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।

हालांकि किसानों ने अधिकारियों पर गोलमोल जवाब देने और लगातार उन्हें कार्यालयों के चक्कर कटवाने का आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें किस केंद्र में पंजीयन कराकर अपनी उपज बेचनी है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि निम्हा धान उपार्जन केंद्र को पूर्ववत संचालित किया जाए या फिर किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नया खरीदी केंद्र खोला जाए। इसके साथ ही धान खरीदी पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग भी की गई है।

फिलहाल चक्काजाम के बाद भी किसान अपनी मांगों को लेकर असमंजस में हैं। किसानों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की मांगों पर कब तक ठोस निर्णय लेता है।

 

Hot Topics

Related Articles