पुलिस ने 8,500 रुपये नकद और नकली सोने का टुकड़ा किया बरामद, सस्ते में सोना बेचने के झांसे से बचने की अपील
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर एक ग्रामीण युवक से 20 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सोने जैसा दिखने वाला नकली टुकड़ा असली सोना बताकर युवक को बेच दिया और उससे नकद रकम लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की रकम में से 8,500 रुपये नकद और नकली सोने का टुकड़ा बरामद किया है।
कच्चा सोना बेचने के नाम पर रची ठगी की साजिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिनोधा निवासी 19 वर्षीय उमेश कुमार वर्मा ने 17 नवंबर को थाना भाटापारा ग्रामीण में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 16 नवंबर को गांव के राहुल यदु ने फोन कर उसे जानकारी दी कि ग्राम गोरदी निवासी पोषण गिरी गोस्वामी कच्चा सोना बेच रहा है।
इसके बाद पोषण गिरी गोस्वामी ने स्वयं उमेश को फोन कर सोनबरसा के पास मिलने बुलाया। रात करीब 9 बजे तालाब के पास आरोपी ने उसे सोने जैसा दिखने वाला एक टुकड़ा दिखाया और असली सोना बताकर 20 हजार रुपये नकद ले लिए। अगले दिन सुबह जब उमेश ने उस टुकड़े को धूप में अच्छी तरह देखा तो उसे नकली होने का संदेह हुआ। जांच में ठगी का एहसास होने पर उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी देकर वहां से चला गया।
पूछताछ में साथी का नाम आया सामने
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 729/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी पोषण गिरी गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी मौसम महिलांगे के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने ग्राम सोनबरसा से दूसरे आरोपी मौसम महिलांगे को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर ठगी की रकम में से 8,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया नकली सोने का टुकड़ा जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. पोषण गिरी गोस्वामी (23 वर्ष), निवासी ग्राम गोरदी, थाना हथबंद।
2. मौसम महिलांगे (20 वर्ष), निवासी मिशन परसाभदेर, थाना सिटी कोतवाली।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सस्ते दामों पर सोना या अन्य कीमती धातु बेचने के प्रलोभन में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना जांच-पड़ताल के सोना अथवा अन्य कीमती वस्तु न खरीदें। इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 जारी किया है।












