देवउठनी एकादशी से पहले बाजारों में बढ़ी रौनक, 40 से 120 रुपए जोड़ी बिक रहे गन्ने

भाटापारा। चार महीने की योगनिद्रा के बाद शुक्रवार को भगवान श्रीहरि विष्णु जागेंगे। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होगा और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। 20 नवंबर को मनाई जाने वाली देवउठनी एकादशी को लेकर भाटापारा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व की रौनक बुधवार से ही बाजारों और सड़कों के किनारे दिखाई देने लगी है। खासकर गन्ने की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है।

देवउठनी एकादशी पर गन्ने का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण बाजारों और प्रमुख सड़कों के किनारे दुकानें सज गई हैं। दुकानों पर छोटे-बड़े गन्नों की कतारें देखने को मिल रही हैं। पर्व को देखते हुए लोग दो दिन पहले से ही पूजा सामग्री की खरीदारी में जुट गए हैं। बाजार पहुंच रहे लोग गन्ने के दाम पूछने के साथ अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।

40 से 150 रुपए जोड़ी तक कीमत

गन्ना विक्रेता टीकम साहू ने बताया कि इस वर्ष बाजार में गन्ने की कीमत 40 रुपए से लेकर 150 रुपए जोड़ी तक है। लोग अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार गन्ने खरीद रहे हैं। पर्व नजदीक आने के साथ ही गन्ने की मांग में भी बढ़ोतरी हो रही है।

मांगलिक कार्यों की होगी शुरुआत

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू हो जाता है। यही वजह है कि इस पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहता है। घरों में तुलसी विवाह और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की तैयारियां भी की जा रही हैं।

Hot Topics

Related Articles