बलौदाबाजार भाटापारा /चक्रवाती तूफान अकवान का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार देर रात प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
बलौदाबाजार में बारिश से किसानों की बढ़ी परेशानी
चक्रवात का असर बलौदाबाजार जिले में भी देखने को मिल रहा है। यहां देर रात से कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान की फसल पककर तैयार है, लेकिन बारिश के कारण कटाई प्रभावित होने और फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
किसानों के मुताबिक, पिछली बारिश के बाद खेतों में नमी अधिक होने से कटाई का काम प्रभावित हुआ था। बीते कुछ दिनों से धूप निकलने के कारण खेत सूखने लगे थे और किसान जल्द फसल समेटने की तैयारी में थे। इसी बीच दोबारा बारिश शुरू होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश होने पर खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने, धान भीगने और उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा है।
धान खरीदी की रफ्तार पर भी पड़ सकता है असर
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। हालांकि बलौदाबाजार जिले में अभी बड़ी संख्या में किसानों की फसल खेतों में खड़ी है। इसके चलते खरीदी केंद्रों तक धान की आवक अपेक्षाकृत कम बनी हुई है।
यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो धान कटाई में और देरी हो सकती है। इसका सीधा असर खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचने की रफ्तार पर पड़ने की आशंका है। ऐसे में निर्धारित समय के भीतर किसानों की पूरी उपज खरीदी जा सकेगी या नहीं, इसे लेकर भी चिंता बढ़ने लगी है।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बलौदाबाजार सहित बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा और धमतरी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच किसानों को अब बारिश थमने और धूप निकलने का इंतजार है, ताकि धान कटाई और खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित न हो।












