- सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने किया प्रदर्शन, प्रशासनिक अमले और पुलिस के साथ हुई तीखी गहमागहमी; SDM ने एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का दिया आश्वासन
युवराज सिन्हा,राजिम/सोमवार, 23 नवंबर 2026।* किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके न्यायोचित अधिकारों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर–राजिम द्वारा सोमवार को SDM कार्यालय राजिम का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा,चमन साहू,लक्ष्मी साहू, पुष्पा साहू, हेमलता सिंन्हा,शत्रुघ्न साहू,गैंदराम यादव,सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन फिंगेश्वर ब्लॉक प्रभारी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश शर्मा ने की किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में उपस्थित वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर अपने विचार रखे और भाजपा सरकार की नीतियों एवं प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए। वक्ताओं ने कहा कि किसान आज अपनी मेहनत से पैदा की गई धान की फसल बेचने के लिए परेशान हैं। कहीं किसान गिरदावरी नहीं होने से धान पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं, तो कहीं पंजीयन में तकनीकी एवं राजस्व संबंधी बाधाएं किसानों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।
वक्ताओं ने बेमौसम बारिश एवं प्रतिकूल मौसम से प्रभावित किसानों को अब तक फसल बीमा की समुचित राशि नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई। वहीं पटवारियों की हड़ताल के कारण किसानों के राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने, पटवारियों की जायज मांगों का निराकरण नहीं होने तथा निलंबित पटवारी की बहाली नहीं किए जाने को लेकर भी सरकार एवं प्रशासन से जवाब मांगा।
SDM कार्यालय के सामने प्रशासन और पुलिस से हुई तीखी गहमागहमी
सभा के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने एकजुट होकर SDM कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कार्यालय के सामने सैकड़ों किसानों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रशासनिक अमले और पुलिस बल के साथ काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। अपनी मांगों को लेकर कार्यकर्ता मौके पर ही समाधान और अधिकारियों से स्पष्ट जवाब की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और तत्काल निराकरण की मांग करते हुए प्रशासन के समक्ष अपनी बात मजबूती से रखी।
जिला कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह में कार्रवाई के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर–राजिम द्वारा किसानों की समस्याओं के निराकरण को लेकर जिला कलेक्टर गरियाबंद के नाम SDM कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से चार मांगें रखी गईं—
1. किसान गिरदावरी में हुई त्रुटियों का तत्काल सुधार एवं धान पंजीयन से वंचित किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
2. बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की फसल का निष्पक्ष सर्वे कराकर पात्र किसानों को फसल बीमा एवं क्षतिपूर्ति राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए।
3. पटवारियों की जायज मांगों का संवेदनशीलता से निराकरण कर हड़ताल समाप्त कराने की पहल की जाए तथा निलंबित पटवारी को तत्काल बहाल किया जाए।
4. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व में प्रस्तुत सात सूत्रीय मांगों पर तत्काल एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की बात कही। इस पर SDM मैडम ने एक सप्ताह के भीतर मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप यदि निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होती है, तो किसानों के हित में आगे भी आंदोलन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा एवं कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन आज उन्हें अपनी ही उपज बेचने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार को किसानों की समस्याओं पर राजनीति करने के बजाय तत्काल समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों की लड़ाई को और व्यापक स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर–राजिम ने दोहराया कि किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है तथा किसानों की समस्याओं के समाधान तक उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।












