भारी गहमा-गहमी के बीच संपन्न हुई अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया, करूपान सरपंच के खिलाफ प्रस्ताव पारित

पक्ष में पड़े 10 वोट, विपक्ष में सिर्फ 2, सैकड़ों ग्रामीणों, और पुलिस की मौजूदगी में हुआ मतदान

*मुंगेली।* ग्राम पंचायत करूपान में सरपंच के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया भारी गहमा-गहमी के बीच संपन्न हुई। सैकड़ों ग्रामीणों, पुलिस बल और एसडीएम की मौजूदगी में हुए मतदान में अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 10 वोट पड़े, तो वहीं उसके विपक्ष में सिर्फ 2 वोट पड़े। इस प्रकार अविश्वास प्रस्ताव बहुमत से पारित हो गया।

बता दें कि सरपंच ग्राम पंचायत करूपान, जनपद पंचायत मुंगेली के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत हुआ था। जिसके लिए  दिलीप खाण्डे, नायब तहसीलदार मुंगेली को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया था। अविश्वास प्रस्ताव का सम्मेलन आज दिनांक 27/11/2026 को दोपहर 12.00 बजे से स्थान ग्राम पंचायत भवन करूपान में आयोजित किया गया।

सम्मेलन को लेकर सुबह से ही गांव में हलचल बनी रही। पंचायत भवन के बाहर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था । पीठासीन अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

मतदान के दौरान पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से हुई। मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया, जिसमें सरपंच के विरुद्ध 10 और पक्ष में 2 मत पड़े। परिणाम आते ही गांव में चर्चा का दौर शुरू हो गया।

अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद अब सरपंच को पद से हटना तय माना जा रहा है। आगे की प्रक्रिया नियमानुसार प्रशासन द्वारा पूरी की जाएगी।

Hot Topics

Related Articles