सत्र न्यायाधीश एवं पीठासीन अधिकारी ने सुनाया फैसला, अर्थदंड से भी किया दंडित
संदीप यादव मुंगेली। खाना देर से बनाने की बात पर पत्नी की जलती लकड़ी से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी पति को सत्र न्यायालय मुंगेली ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश एवं पीठासीन अधिकारी गिरिजा देवी मरावी ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी तिरिथ बैगा (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय वीर सिंह बैगा निवासी ग्राम औरापानी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला चौकी खुड़िया, थाना लोरमी के अपराध क्रमांक 37/2025 एवं सत्र प्रकरण क्रमांक 8/2025 से संबंधित है। आरोपी तिरिथ बैगा पर अपनी पत्नी जुगरी बाई बैगा की हत्या का आरोप था। अभियोजन के अनुसार, घटना के दिन खाना देर से बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने चूल्हे से जलती हुई लकड़ी निकालकर पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को खटिया पर लिटा दिया। मृतिका के पुत्र की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रकरण में अभियोजन पक्ष ने न्यायालय के समक्ष कुल 15 गवाहों का परीक्षण कराया। वहीं वैज्ञानिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट में जब्त लकड़ी, आरोपी की जर्सी और घटनास्थल पर मानव रक्त की उपस्थिति की पुष्टि हुई। इन महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषसिद्ध किया। आरोपी 25 जनवरी 2025 से विचारण के दौरान लगातार जेल में निरुद्ध था।
प्रकरण में अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने पैरवी की। न्यायालय के इस फैसले से पत्नी की हत्या के दोषी पति को उसके अपराध की सजा मिली है।












