डोंगरगांव।अर्जुनी गांव में शनिवार को एक 27 वर्षीय असिस्टेंट प्रोफेसर (संविदा) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से मिले एक कथित सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के पीछे ऑनलाइन गेम/बेटिंग की लत को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारीक अनुसार मृतक हरिवंश चोरगे, पिता मंगलु चोरगे, मूल निवासी सारंगगढ़–बिलाईगढ़, ग्राम अर्जुनी में चन्द्रशेखर कौशिक के मकान में किराये पर रहता था और शासकीय महाविद्यालय अर्जुनी में असिस्टेंट प्रोफेसर (संविदा) के रूप में पढ़ाने का कार्य करता था।
शनिवार 06 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे तक भी जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो मकान मालिक को शंका हुई। वेंटिलेशन से झांककर देखने पर वह छत के हुक में फांसी पर लटका मिला।
सूचना पर एसआई देवकुमार रावटे एवं टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सुसाइड नोट में लिखा दर्द
कमरे से बरामद नोट में युवक ने लिखा—
“मैं इस गेम की लत से चाहकर भी बाहर नहीं आ पा रहा। मेरे पास अब कोई विकल्प नहीं… मुझे माफ कर देना पापा, मैं आपका भरोसा नहीं रख पाया। आई एम सॉरी.”
नोट के आधार पर माना जा रहा है कि हरिवंश लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग या बेटिंग की लत से जूझ रहा था और मानसिक तनाव में था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस मोबाइल, ऑनलाइन ऐप्स, डिजिटल ट्रांजेक्शन और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।
मामले की सूचना एसडीएम डोंगरगांव को भी भेज दी गई है।





