बरौदा ग्राम पंचायत में ‘वीबी ग्राम’ का भव्य शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण के लिए हुआ वृहद वृक्षारोपण

धरसींवा(विद्याभूषण वर्मा ) विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बरौदा में ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है। यहाँ माननीय कलेक्टर गौरव सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन के मुख्य आतिथ्य में महत्वाकांक्षी ‘वीबी ग्राम’ योजना का विधि-विधान से शुभारंभ किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर ग्राम पंचायत में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जो ग्रामीणों के लिए उत्सव जैसा रहा।

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण पर्यावरण संरक्षण और हरित ग्राम निर्माण का संकल्प रहा। कार्यक्रम के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 250 फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी मुख्य अतिथियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने स्वयं अपने हाथों से पौधे लगाए और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उनके पूर्ण संरक्षण एवं देखरेख की शपथ ली।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने समाज को एक बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल धरती का श्रृंगार नहीं हैं, बल्कि वे हमारे जीवन का आधार हैं। ‘वीबी ग्राम’ के रूप में बरौदा को एक आदर्श और आत्मनिर्भर गाँव बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब विकास के साथ-साथ प्रकृति का संतुलन भी बना रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पौधों को सिर्फ लगाएं नहीं, बल्कि एक अभिभावक की तरह उनकी परवरिश भी करें। अधिकारियों ने ग्राम के सतत और सर्वांगीण विकास के लिए जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया और कहा कि जब तक ग्रामीण खुद आगे आकर शासकीय योजनाओं से नहीं जुड़ेंगे, तब तक वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। यह पूरा कार्यक्रम सामूहिक प्रयास और हरियाली के संकल्प के एक मजबूत संदेश के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत सभापति सविता चंद्राकर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केशरवानी, एसडीएम नंद कुमार चौबे, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे, एसडीओ अभिषेक और एपीओ रोशनी तिवारी सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles