1 अप्रैल से स्कूल खोलने का निर्णय लेकर शैक्षणिक सत्र में किया गया बड़ा बदलाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले साल शैक्षणिक सत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब प्रदेश के स्कूल 16 जून के बजाय 1 अप्रैल 2027 से खुलेंगे। इसी दौरान प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी और स्टूडेंट्स को पुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिल दिया जाएगा। इसके बाद 1 मई से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। विभाग का कहना है कि इस बदलाव से स्टूडेंट्स को पढ़ाई के लिए ज्यादा समय मिलेगा, समय पर सिलेबस पूरा कराया जा सकेगा और बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में भी सुधार आएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के जारी आदेश के मुताबिक प्रदेश में अब शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक प्रभावी रहेगा। यह व्यवस्था सीबीएसई (CBSE) सहित अन्य राष्ट्रीय शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर लागू की जाएगी। फिलहाल, प्रदेश में स्कूल 16 जून से खुलते हैं। स्कूल खुलने के बाद कई दिनों तक नए छात्रों का प्रवेश, किताबें, स्कूल ड्रेस (यूनिफॉर्म), साइकिल और दूसरी सरकारी सुविधाएं बांटने का काम चलता रहता है। इसकी वजह से नियमित पढ़ाई देर से शुरू होती है और कई स्कूलों में जुलाई तक पढ़ाई प्रभावित रहती है।

 

 

Hot Topics

Related Articles