- एक अभ्यर्थी का 10 जगह नाम जोड़ने का आरोप, गलती पकड़े जाने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
मुंगेली। रिपोर्टर: संदीप यादव।छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता को लेकर मुंगेली जिले के युवा GK HUB MUNGELI के बैनर तले दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचे। अभ्यर्थियों ने भर्ती में हुई गड़बड़ी और पारदर्शिता की कमी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि मेरिट सूची में बेवजह एक ही अभ्यर्थी का नाम 10 अलग-अलग जगहों पर जोड़ दिया गया। इससे अन्य पात्र अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है। अभ्यर्थियों ने कहा कि इस बड़ी गलती को पकड़े जाने के बावजूद अब तक विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
*मुख्य मुद्दे*
1. एक नाम, 10 जगह
अभ्यर्थियों ने कहा कि मेरिट सूची में एक ही व्यक्ति का नाम बार-बार दर्शाकर बाकी अभ्यर्थियों के अवसर छीने गए हैं। इससे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
2. गलती उजागर, कार्रवाई नहीं
गलती पकड़े जाने के बाद भी संबंधित अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं होना संदेह पैदा करता है। अभ्यर्थियों ने इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
3. मेरिट के साथ खिलवाड़
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मेहनत से तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित अभ्यर्थियों को न्याय दिया जाए।
- जंतर-मंतर से उठी आवाज
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “पारदर्शी भर्ती दो”, “दोषियों पर कार्रवाई करो” के नारे लगाए। GK HUB MUNGELI परिवार ने प्रदर्शन में शामिल सभी युवा साथियों को बधाई दी और कहा कि “आपने सिर्फ मुंगेली का प्रतिनिधित्व नहीं किया, बल्कि उन हजारों युवाओं की आवाज बुलंद की जो न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं।”
- आंदोलन की चेतावनी
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने शासन से मांग की कि भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर नए सिरे से पारदर्शी सूची जारी की जाए।
GK HUB MUNGELI ने कहा “शिक्षा • संघर्ष • युवा • बदलाव” के साथ संघर्ष जारी रहेगा और बदलाव होकर रहेगा।






