जियाउल खान ,सरगुजा /अंबिकापुर। बढ़े हुए बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और लगातार हो रही बिजली कटौती के मुद्दे पर कांग्रेस अब प्रदेशभर में बड़े जनांदोलन की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन, अंबिकापुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक तथा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तय की गई और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की शुरुआत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल ने की। उन्होंने हाल ही में मंडल एवं ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठकों में लिए गए निर्णयों की जानकारी वरिष्ठ नेताओं को दी। साथ ही संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन जितना मजबूत होगा, जनता का भरोसा उतना ही बढ़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वार्ड, मतदान केंद्र और अनुभाग स्तर तक सक्रिय रहने तथा जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता की आवाज बनकर काम करती रहेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भविष्य की राजनीतिक सफलता का आधार है। उन्होंने सभी मंडल और ब्लॉक पदाधिकारियों को नियमित बैठकें आयोजित करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से परेशान उपभोक्ताओं से संपर्क कर उनके बिजली बिल एकत्र करने तथा इन समस्याओं को लेकर व्यापक जनआंदोलन की तैयारी करने को कहा। उनका कहना था कि कांग्रेस जनता की वास्तविक समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि बिजली कटौती, महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर जैसे मुद्दों से आम जनता परेशान है। कांग्रेस इन समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आगे भी जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वार्ड और मोहल्ले में जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। बिजली उपभोक्ताओं से बढ़े हुए बिजली बिलों की प्रतियां एकत्र कर संबंधित विभाग के समक्ष विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर और अनियमित बिजली आपूर्ति के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की गई।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम, जिला महामंत्री हेमंत तिवारी, अशफाक अली, आलोक सिंह, सेवादल अध्यक्ष लवकेश पासवान, जिला प्रवक्ता आशीष वर्मा, जीवन यादव, मंडल अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सिंह मग्गू, रजनीश सिंह, गुरप्रीत सिद्धू, निक्की खान, सोहन जायसवाल, शंकर प्रजापति, अमित सिन्हा, सौरभ फिलिप, बालकेश्वर तिर्की, दिनेश शर्मा, नरेंद्र विश्वकर्मा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






