- NH-130, NH-130A और NH-49 को जोड़ने वाली 4-लेन रिंग रोड परियोजना को लेकर केंद्र में तेज हुई हलचल, DPR से लेकर ट्रैफिक सर्वे और एलाइनमेंट पर काम जारी
कमलकांत पाटनवार बिलासपुर। बिलासपुर शहर को वर्षों से परेशान कर रहे ट्रैफिक जाम के स्थायी समाधान की दिशा में केंद्र स्तर पर बड़ी पहल सामने आई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर के सांसद तोखन साहु ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बिलासपुर के लिए प्रस्तावित ₹827.20 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। राजधानी दिल्ली में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में बिलासपुर की तेजी से बढ़ती यातायात चुनौती, भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं और राष्ट्रीय राजमार्गों की बेहतर कनेक्टिविटी पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान सांसद तोखन साहू ने कहा कि लगातार बढ़ते शहरी विस्तार और वाहनों की संख्या में तेजी से हो रही वृद्धि के कारण बिलासपुर में ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड अब केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि शहर की प्रमुख आधारभूत आवश्यकता बन चुकी है।
बैठक में बताया गया कि लगभग ₹827.20 करोड़ की लागत से प्रस्तावित यह रिंग रोड NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी। इसके निर्माण के बाद भारी मालवाहक वाहनों की शहर के भीतर आवाजाही में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव घटेगा और आम लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।बैठक में यह भी बताया गया कि परियोजना केवल ट्रैफिक प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए बिलासपुर के औद्योगिक, व्यावसायिक और तेजी से विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती मिलेगी। बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण यात्रा समय में कमी आएगी और शहर के समग्र शहरी एवं आधारभूत विकास को नई गति मिलने की संभावना है।
सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया कि परियोजना के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), ट्रैफिक सर्वे और ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। उन्होंने इन सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर परियोजना को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। बैठक के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने और परियोजना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
बिलासपुर के लिए प्रस्तावित यह रिंग रोड परियोजना लंबे समय से चर्चा में रही है। अब केंद्रीय स्तर पर हुई इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद परियोजना की प्रक्रिया ने नई गति पकड़ ली है। परियोजना के विभिन्न तकनीकी चरणों—डीपीआर, ट्रैफिक सर्वे और ड्राफ्ट एलाइनमेंट—पर कार्य जारी है और आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।






