राजनांदगांव। लालबाग थाना क्षेत्र स्थित शिवनाथ ऑटो मोबाइल प्रा. लि. शोरूम में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में प्रयुक्त वाहन, चोरी की रकम और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 13-14 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि अज्ञात आरोपियों ने शोरूम के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया और कैश काउंटर का लॉक तोड़कर गल्ले में रखे 9 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 294/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में चल रही जांच के दौरान बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी मंगल सिंह चौहान (30 वर्ष) निवासी जिला खंडवा (मध्यप्रदेश) की संलिप्तता इस वारदात में भी सामने आई।
पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त प्रोडक्शन वारंट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शोरूम में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी की गई रकम तथा घटना में प्रयुक्त वाहन उसके अन्य साथियों के कब्जे में हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी की रकम की बरामदगी और घटना में प्रयुक्त वाहन की जब्ती के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।






